12 महीनों में बना छत्तीसगढ़ का पहला नेशनल हाइवे टनल, विकास को मिलेगी नई रफ्तार

छत्तीसगढ़ में विकास की नई राह खुल गई है। राज्य को आखिरकार अपना पहला राष्ट्रीय राजमार्ग टनल मिल गया है, जिसे नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने मात्र 12 महीनों में तैयार कर दिया। यह टनल छत्तीसगढ़ के दुर्गम और पहाड़ी इलाकों में कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा और यह परियोजना प्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए लिखा – “अब पहाड़ों के आर-पार उम्मीद की राह बन गई है।” उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और NHAI टीम का धन्यवाद व्यक्त किया और इस परियोजना को “समृद्ध और सशक्त छत्तीसगढ़” के विजन का अहम हिस्सा बताया।

छत्तीसगढ़ के सड़क नेटवर्क को अब तक विकास के सामने सबसे बड़ी चुनौती माना जाता रहा है। राज्य के घने जंगल, कठिन पहाड़ी इलाक़े और आदिवासी क्षेत्र सड़क निर्माण में हमेशा बाधक रहे हैं। वर्ष 2000 में राज्य गठन के बाद से कई सरकारों ने सड़क निर्माण कार्यों पर जोर दिया, लेकिन हाल के वर्षों में केंद्र सरकार की विशेष नीति और प्राथमिकता से इस दिशा में अभूतपूर्व प्रगति हुई है।

नितिन गडकरी के नेतृत्व में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ को विशेष तवज्जो दी है। सितंबर 2024 में केंद्र सरकार ने 11,000 करोड़ रुपये की मंजूरी दी, जिसमें चार प्रमुख राजमार्गों के डीपीआर तैयार करने के निर्देश शामिल थे। इसके बाद नवंबर 2024 में 20,000 करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं की घोषणा की गई, जिनमें धमतरी-जगदलपुर और रायपुर-बालौदाबाजार जैसे फोर-लेन हाइवे प्रोजेक्ट सम्मिलित हैं। जुलाई 2025 में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की बैठक में आदिवासी इलाकों की सड़क कनेक्टिविटी पर विशेष जोर दिया गया, ताकि वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।

ALSO READ: Zoho Arattai App: भारत का अपना Messaging और Messagingऐप जो WhatsApp को दे रहा टक्कर

नया टनल यातायात को सुरक्षित, तेज और मौसम की बाधाओं से मुक्त बनाएगा। छत्तीसगढ़ में फिलहाल 20 राष्ट्रीय राजमार्ग हैं जिनकी कुल लंबाई 3,575 किलोमीटर है। आने वाले वर्षों में कई नई परियोजनाएं अमेरिकी मानकों के अनुरूप सड़कों के निर्माण को सुनिश्चित करेंगी। नितिन गडकरी ने कहा कि ये सड़के न केवल यात्रा को बेहतर बनाएंगी बल्कि आर्थिक विकास, पर्यटन और रोजगार सृजन को भी नई दिशा देंगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि “अंजोर विजन 2047” के अंतर्गत राज्य में एकीकृत परिवहन व्यवस्था विकसित की जा रही है, जिससे हर क्षेत्र को चौतरफा कनेक्टिविटी मिल सके। केंद्र और राज्य सरकार के सहभाग से छत्तीसगढ़ अब विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। राज्य में सड़कें अब केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि प्रगति और समृद्धि की पहचान बन चुकी हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top