CG Fraud News: भिलाई में फार्मेसी कोर्स के नाम पर 4.8 लाख की धोखाधड़ी, फर्जी डिग्री देने वाले युवक पर FIR

भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई में शैक्षणिक धोखाधड़ी का एक गंभीर मामला सामने आया है। रिलायबल एजुकेशन सेंटर नाम से संस्था संचालित करने वाले आरोपी फ्रांसिस ने डी. फार्मेसी कोर्स में एडमिशन और डिग्री दिलाने के नाम पर एक युवक से 4 लाख 80 हजार रुपए की ठगी की है। पुलिस ने पीड़ित नितीश कुमार राजपूत की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी फ्रांसिस भिलाई में रिलायबल एजुकेशन सेंटर के नाम से एक संस्था चलाता था। यह संस्था दूरस्थ शिक्षा और अन्य माध्यमों से विभिन्न विषयों में कोर्स करवाने का दावा करती थी। पीड़ित के बड़े भाई राकेशसिंह राजपूत डी. फार्मेसी का कोर्स करना चाहते थे। इस दौरान आरोपी ने उन्हें मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय में प्रवेश दिलाकर पूरा कोर्स करवाने का भरोसा दिलाया।

आरोपी की बातों पर विश्वास करते हुए राकेशसिंह ने अलग-अलग किस्तों में कुल 4 लाख 80 हजार रुपए का भुगतान कर दिया। इसके बाद आरोपी फ्रांसिस ने उन्हें छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय कानपूर से जारी की गई डी. फार्मेसी की द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ सेमेस्टर की मार्कशीट प्रदान कीं। हालांकि, जब इन मार्कशीट की जांच कराई गई तो पता चला कि ये सभी दस्तावेज पूरी तरह फर्जी थे।

जब पीड़ित परिवार ने आरोपी को इस बारे में बताया तो उसने पैसे वापस करने का आश्वासन दिया और एक चेक भी दिया। लेकिन जब वह चेक बैंक में जमा किया गया तो वह बाउंस हो गया। चेक बाउंस होने के बाद भी जब आरोपी ने पैसे नहीं लौटाए तो नितीश कुमार राजपूत ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी फ्रांसिस के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

यह घटना एक बार फिर शैक्षणिक संस्थानों में एडमिशन और डिग्री के नाम पर हो रही धोखाधड़ी की गंभीरता को उजागर करती है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी शैक्षणिक कोर्स में एडमिशन लेने से पहले संस्था और विश्वविद्यालय की मान्यता की पूरी जांच कर लें और किसी भी तरह की धोखाधड़ी होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top