वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद जी महाराज की सेहत को लेकर फैली अफवाहों के बीच श्री हित राधा केली कुंज परिवार ने आधिकारिक पत्र जारी कर स्पष्ट किया है कि पूज्य गुरुदेव श्री हित प्रेमानंद गोविंद शरण जी महाराज का स्वास्थ्य पूरी तरह ठीक है। आश्रम की ओर से 8 अक्टूबर 2025 को जारी पत्र में बताया गया है कि महाराज पूर्ववत अपनी दैनिक दिनचर्या का पालन कर रहे हैं और किसी भी प्रकार की चिंता की कोई बात नहीं है।
आश्रम प्रशासन ने भक्तों को संबोधित करते हुए कहा है कि केवल प्रातःकालीन पदयात्रा को अनिश्चित काल के लिए स्थगित किया गया है। महाराज रमण रेती स्थित केली कुंज आश्रम में नियमित रूप से अपने प्रवचन और सत्संग की गतिविधियां जारी रखे हुए हैं। पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर महाराज के स्वास्थ्य को लेकर कई वीडियो वायरल हो रहे थे, जिसमें उनके चेहरे पर सूजन और आंखों में लाली दिख रही थी, जिससे लाखों भक्तों में चिंता व्याप्त हो गई थी।
बता दें कि प्रेमानंद महाराज वर्ष 2006 से पॉलीसिस्टिक किडनी रोग से पीड़ित हैं और उन्हें नियमित डायलिसिस की आवश्यकता होती है। पहले सप्ताह में पांच दिन डायलिसिस होता था, लेकिन स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए अब यह रोजाना की जरूरत बन गई है। डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है और वे आश्रम में ही स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
श्री हित राधा केली कुंज परिवार ने सभी भक्तों से विनम्र निवेदन किया है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक या झूठी अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही उन्हें साझा करें। आश्रम प्रशासन ने यह भी अपील की है कि भक्त पदयात्रा मार्ग पर महाराज की प्रतीक्षा न करें क्योंकि स्वास्थ्य कारणों से यह कुछ समय के लिए स्थगित रहेगी।
महाराज ने स्वयं एक वीडियो संदेश में भक्तों को आश्वस्त करते हुए कहा था कि उनके हाथों की स्थिति ठीक हो रही है, आंखें खुल रही हैं और वे कल से बेहतर महसूस कर रहे हैं। उन्होंने अपने सभी भक्तों से खुश रहने और प्रार्थना करते रहने का आग्रह किया है। प्रेमानंद महाराज देश-विदेश में अपने आध्यात्मिक प्रवचनों और भजन मार्ग के लिए प्रसिद्ध हैं। सामान्य दिनों में हजारों भक्त उनकी सुबह की पदयात्रा में शामिल होते हैं, जो श्री कृष्ण शरणम सोसाइटी से केली कुंज आश्रम तक लगभग दो किलोमीटर की होती है।